प्राचार्य के निलंबन पर छात्राओं का प्रदर्शन जारी, अधिकारियों से वार्ता बेनतीजा

झुमरीतिलैया (कोडरमा) : सीडी बालिका प्लस टू विद्यालय के प्राचार्य शशिभूषण कुमार के निलंबन का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। शुक्रवार, 6 नवंबर को भी छात्राओं का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। छात्राएं प्राचार्य के निलंबन का फैसला वापस लेने की मांग पर अड़ी हुई हैं। मामले को शांत कराने के लिए सुबह से ही प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत की, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद छात्राओं ने दोबारा प्रदर्शन शुरू कर दिया।

शुक्रवार को CO और DEO छात्राओं से बातचीत करने विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने उनकी मांगों को समझने और विवाद सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन वार्ता विफल रही। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए SDO निर्मल सोरेन भी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उनके पहुंचने के बाद एक बार फिर वार्ता शुरू हुई। फिलहाल अधिकारियों और छात्राओं के बीच बातचीत जारी है।
दरअसल, बुधवार, 4 नवंबर को प्राचार्य शशिभूषण कुमार के निलंबन की खबर सामने आने के बाद छात्राओं ने कक्षाओं से बाहर निकलकर विद्यालय परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया था। छात्राओं का कहना है कि प्राचार्य पढ़ाई और अनुशासन सहित विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था बेहतर तरीके से संचालित कर रहे थे। ऐसे में उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई क्यों की गई। इससे पहले बुधवार को एसआई पिंकी रानी पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंची थीं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी छात्राओं और विद्यालय प्रबंधन से बातचीत की थी। छात्राओं की प्रमुख मांग प्राचार्य के निलंबन और स्थानांतरण का फैसला वापस लेने की है।


