अस्पताल की तीसरी मंजिल से कूदे मरीज की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

रांची : रातू के तिलता स्थित अमृत अस्पताल की तीसरी मंजिल से कूदने वाले मरीज अरुण कुमार गुप्ता (55 वर्ष) की पल्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद शनिवार शाम परिजन शव लेकर अमृत अस्पताल पहुंचे और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।


अरुण कुमार गुप्ता को 21 सितंबर को अमृत अस्पताल की तीसरी मंजिल स्थित केबिन नंबर 304 में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 24 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे उन्होंने कमरे को अंदर से बंद कर लिया और खिड़की के रास्ते नीचे छलांग लगा दी। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कर इलाज शुरू किया और घटना की लिखित सूचना रातू पुलिस को दी।
बाद में परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए पल्स अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा था। शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद शाम करीब सात बजे परिजन शव लेकर दोबारा अमृत अस्पताल पहुंचे और प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति शांत कराई गई।


