परिणीति चोपड़ा ने प्लेन में मनाया करवा चौथ, प्रियंका चोपड़ा से तुलना कर यूजर्स ने किया ट्रोल

मनोरंजन: परिणीति चोपड़ा ने अपने पति राघव चड्ढा के साथ 35,000 फीट की ऊंचाई पर फ्लाइट में करवा चौथ मनाया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें दोनों विमान से चांद का दीदार करते नजर आए। वीडियो में राघव परिणीति को पानी पिलाकर और खाना खिलाकर उनका व्रत खुलवाते दिखे। पारंपरिक सूट और सिंदूर में नजर आईं परिणीति ने कैप्शन में लिखा कि वे जहां भी हों, करवा चौथ वहीं मना सकती हैं। उन्होंने राघव को अपने सपनों को पूरा करने वाला और दुनिया का बेहतरीन इंसान बताया।


इस वीडियो के सामने आने के बाद कुछ यूजर्स ने परिणीति के सेलिब्रेशन की तुलना प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस के एक पुराने करवा चौथ से की। खबर के मुताबिक, प्रियंका ने साल 2025 में ‘द कपिल शर्मा शो’ पर बताया था कि खराब मौसम के कारण चांद नहीं दिखने पर निक उन्हें बादलों के ऊपर ले जाने के लिए विमान में बैठाकर ले गए थे। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने परिणीति पर प्रियंका की नकल करने का आरोप लगाया और कमेंट कर सवाल उठाए।
परिणीति और राघव ने 13 मई 2023 को दिल्ली के कपूरथला हाउस में सगाई की थी। दोनों ने 24 सितंबर 2023 को उदयपुर के द लीला पैलेस में शादी की। 19 अक्टूबर 2025 को यह दंपती एक बेटे के माता-पिता बने।


