पानी और सफाई पर हाहाकार, आदित्यपुर नगर निगम को सिर्फ नए भवन से प्यार!” आदित्यपुर बोर्ड बैठक से पहले पार्षदों का बगावती बिगुल


आदित्यपुर:- आदित्यपुर नगर निगम की प्रस्तावित सामान्य बोर्ड बैठक को लेकर निगम की राजनीति गरमा गई है। 28 मई 2026 को होने वाली बोर्ड बैठक से पहले निगम के पार्षदों ने प्रशासनिक व्यवस्था और जनहित की अनदेखी का आरोप लगाते हुए अपर नगर आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा है। पार्षदों ने साफ शब्दों में कहा है कि जब शहर की जनता पेयजल संकट, गंदगी, बंद स्ट्रीट लाइट और टूटी सड़कों जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है, तब निगम प्रशासन केवल प्रशासनिक भवन निर्माण के मुद्दे पर बैठक बुलाकर जनता की असली समस्याओं से ध्यान भटका रहा है।

पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर निगम क्षेत्र में स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। कई वार्डों में पानी की भारी किल्लत है, नियमित कचरा उठाव नहीं हो रहा, नालियां जाम हैं और रात होते ही कई इलाके अंधेरे में डूब जाते हैं क्योंकि स्ट्रीट लाइट महीनों से खराब पड़ी हैं।


