आदित्यपुर में ऑनलाइन बेटिंग रैकेट का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार, 33 मोबाइल और लैपटॉप बरामद

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़े अवैध ऑनलाइन बेटिंग रैकेट का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शिवनारायणपुर में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 33 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, दो वाई-फाई राउटर और एक लैपटॉप समेत भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व दस्तावेज बरामद हुए हैं।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवनारायणपुर में अवैध ऑनलाइन बेटिंग और जुआ चलाया जा रहा है। सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार के बेगूसराय निवासी सुमित कुमार, खगड़िया निवासी गुलशन कुमार और भोजपुर (आरा) निवासी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापेमारी में जब्त डिजिटल उपकरणों और बैंकिंग रिकॉर्ड की गहन जांच जारी है। एसडीपीओ के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा, साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


