सीबीएसई राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में एनएमएल केपीएस ने जीते दो पदक, बालिका टीम को स्वर्ण और रजत

जमशेदपुर : हरियाणा के पानीपत में 21 से 26 सितंबर तक आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में एनएमएल केपीएस की बालिका तीरंदाजों ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। अंडर-17 रिकर्व बालिका वर्ग में हिमांशी सिंह, श्रुति कुमारी, स्निग्धा सरकार और सिंथिया चौधरी की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। खिलाड़ियों ने मुकाबले के दौरान तालमेल और सटीक निशानेबाजी का प्रदर्शन किया।

अंडर-19 इंडियन राउंड बालिका वर्ग में अंशु कुमारी, अंकिता कुमारी, वर्षा सिंह और कृतिका प्रमाणिक की टीम ने रजत पदक जीता। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, कड़ी मेहनत और प्रशिक्षक जितेन महतो के मार्गदर्शन को दिया। उनके अनुसार, लगातार अभ्यास और तकनीक पर फोकस करने से राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिली।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर चेयरमैन डॉ श्रीकांत नायर, अकादमिक डायरेक्टर डॉ रचना नायर, प्राचार्या गुरमीत कौर तथा उप-प्राचार्या एवं स्पोर्ट्स हेड धनरंजन शर्मा ने पदक विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


