सीआईएससीई नेशनल कैरम चैंपियनशिप में बिहार-झारखंड ने जीते चार पदक, ओवरऑल तीसरा स्थान

जमशेदपुर : केरल स्थित बेथनी एकेडमी में 23 से 26 सितंबर तक आयोजित 7वीं सीआईएससीई नेशनल कैरम चैंपियनशिप में बिहार-झारखंड की टीम ने दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीते। चार पदकों के साथ टीम ओवरऑल सेकेंड रनर-अप यानी तीसरे स्थान पर रही। बालिका वर्ग में टीम को दोनों स्वर्ण पदक मिले। अंडर-19 बालिका वर्ग में सुहानी कमल, फिजा साजिद, स्तुति गुप्ता और सुमेधा तिर्की की टीम ने पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। अंडर-17 बालिका वर्ग में सोनम झा, आयशा अकील, इज्मा इस्रार और जेसिका यादव की टीम ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया।


बालक वर्ग में बिहार-झारखंड की दोनों टीमों ने कांस्य पदक हासिल किए। अंडर-19 बॉय्स वर्ग में आदित्य कुमार, नुमान खान, सौरभ कुमार पांडेय और दीपांशु पाल की टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। वहीं, अंडर-17 बॉय्स वर्ग में आदित्य एरोन खालखो, रौनक कुमार, ऋषभ राज और अंकित कुमार की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया।
टीम की उपलब्धि पर कोच वी. अरुण कुमार, अमोल दुबराज, वेणु गोपाल राव और टीम मैनेजर स्नेहा सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के समर्पण, कड़ी मेहनत और टीम भावना को इस सफलता की मुख्य वजह बताया। प्रतियोगिता में चार पदक और ओवरऑल तीसरा स्थान हासिल करने से खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों में खुशी है।


