डीडी बार कांड में नीरज सिंह से पूछताछ, कुख्यात राहुल दुबे संग बातचीत से पुलिस को शक, बोदरा कनेक्शन आया सामने






जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में दो युवकों पर हुए कातिलाना हमले के मामले में आरोपी बनाए गए नीरज सिंह को मंगलवार सुबह राजस्थान से जमशेदपुर लाया गया। मानगो और उलीडीह थाना प्रभारी की मौजूदगी में उन्हें राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर थाने से हैंडओवर लेकर ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया। सड़क मार्ग से दिल्ली, फिर हवाई मार्ग से रांची और वहां से सड़क मार्ग से जमशेदपुर लाकर उन्हें एमजीएम थाना में रखा गया है, जहां पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस को नीरज सिंह के कॉल डिटेल की जांच में पता चला कि घटना वाले दिन उनकी बातचीत अपराधी राहुल दुबे से हुई थी। नीरज सिंह ने पुलिस को बताया कि राहुल दुबे अक्सर बार में आता था और शराब में छूट या गाना बजवाने के लिए फोन करता था, उस दिन भी यही वजह थी। लेकिन जांच में यह भी सामने आया कि राहुल दुबे की बातचीत मुख्य शूटर विश्वजीत मंडल उर्फ बोदरा से भी हुई थी, जिसके चलते पुलिस का शक गहरा गया है।
कदमा निवासी राहुल दुबे पहले एक हत्या के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नीरज सिंह की राहुल दुबे और बोदरा के साथ आखिर क्या बातचीत हुई थी।




