डिप्लोमा के नए सत्र का आगाज, इंडक्शन प्रोग्राम में छात्रों को मिला उद्योग और कौशल का मंत्र



जमशेदपुर : आरवीएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा पाठ्यक्रम के नए सत्र 2026 की शुरुआत इंडक्शन प्रोग्राम के साथ हुई। उद्घाटन समारोह में एपेक्स ऑटो प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट हेड बिस्वजीत दत्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कॉलेज के निदेशक, प्राचार्य, ट्रस्ट के चेयरमैन और अन्य गणमान्य लोगों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया। अतिथियों को शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संस्थान के निदेशक शत्रुघ्न सिंह ने कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा देकर उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्रों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।


कार्यक्रम में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को रजिस्ट्रेशन किट दी गई और विभिन्न विभागों, विभागाध्यक्षों तथा शिक्षकों से परिचित कराया गया। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि केवल पुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है, इसलिए विद्यार्थियों को नए कौशल के विकास पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रभारी प्रो. अमित कुमार सिन्हा ने पाठ्यक्रम, प्रयोगशाला, प्रशिक्षण और उपलब्ध अन्य सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। अतिथियों ने तकनीकी शिक्षा के साथ अनुशासन, कौशल विकास और व्यावहारिक ज्ञान को भी जरूरी बताया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया और उन्हें संस्थान की शैक्षणिक व व्यावसायिक संस्कृति से अवगत कराया गया।


