पढ़ाई में पैसा नहीं बनेगा रुकावट, हजारों छात्रों तक पहुंचेगा गुरुजी क्रेडिट कार्ड का लाभ



रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाई के कारण किसी भी छात्र-छात्रा की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए। इसके लिए कल्याण विभाग के साथ समन्वय बनाकर योजना का दायरा बढ़ाने को कहा गया है।


उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में बताया गया कि इस योजना के तहत अब तक 2,888 पात्र विद्यार्थियों के ऋण की प्रक्रिया आगे बढ़ी है, जबकि 243 छात्र-छात्राओं को विभिन्न बैंकों के माध्यम से 64 करोड़ रुपये का शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। राज्य सरकार इस योजना में बैंक ऋण की गारंटी दे रही है। मुख्यमंत्री ने दुमका फ्लाइंग इंस्टीट्यूट में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को भी योजना का लाभ देने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने अन्य छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ भी समय पर विद्यार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और रोजगारपरक बनाने में विभाग की अहम भूमिका है, ताकि राज्य के युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।


