जयकान में 1.17 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक बस स्टैंड

गम्हरिया : जुगसलाई-राजनगर मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को जल्द ही बेहतर सुविधा मिलने वाली है। गम्हरिया प्रखंड के जयकान में करीब 1.17 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कराया जाएगा। जिला परिषद मद से बनने वाली इस परियोजना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिला परिषद सरायकेला-खरसावां की ओर से इसके लिए दो अलग-अलग योजनाओं के तहत ई-निविदा आमंत्रित की गई है। बस स्टैंड बनने से जयकान के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

इस परियोजना के लिए कुल 1 करोड़ 16 लाख 98 हजार रुपये की दो योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। पहली योजना के तहत 45.39 लाख रुपये की लागत से चहारदीवारी, प्रवेश द्वार और दुकानों का निर्माण होगा। दूसरी योजना में 71.59 लाख रुपये खर्च कर बस स्टैंड भवन, पार्किंग स्थल, डीप बोरिंग, सेप्टिक टैंक और हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था की जाएगी। इससे यात्रियों को बैठने और बस का इंतजार करने के लिए व्यवस्थित स्थान मिलेगा। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सड़क किनारे खड़े होकर बस का इंतजार करने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। परिसर में दुकानों की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
जिला परिषद की निविदा सूचना के अनुसार, इच्छुक संवेदक 17 नवंबर 2026 को शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। निविदा 18 नवंबर को जिला परिषद कार्यालय में खोली जाएगी। चहारदीवारी, प्रवेश द्वार और दुकानों का निर्माण छह महीने में पूरा करने की समयसीमा तय की गई है, जबकि बस स्टैंड भवन, पार्किंग और अन्य सुविधाओं से जुड़े कार्यों को 12 महीने में पूरा करना होगा। परियोजना पूरी होने के बाद जयकान और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।


