घर गिरने से घायल लोगों का विधायक ने थामा हाथ, आर्थिक मदद दी; अधिकारियों को तत्काल सहायता के निर्देश






जमशेदपुर : ईचागढ़ विधायक सविता महतो सोमवार को कपाली के ताज नगर स्थित टी एंड बी हॉस्पिटल पहुंचीं और अतिवृष्टि के कारण घर गिरने की घटना में घायल लोगों से मुलाकात की। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से घटना और इलाज की जानकारी ली तथा निजी स्तर पर आर्थिक सहयोग भी दिया। विधायक ने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाली सहायता में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं करने और प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।


अस्पताल में घायलों से मिलने के बाद सविता महतो कपाली के मिल्लत नगर वार्ड नंबर-2 पहुंचीं, जहां अतिवृष्टि के दौरान घर गिरने की घटना हुई थी। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से जानकारी ली। इस दौरान चांडिल बीडीओ सह सीओ तालेश्वर रविदास और कपाली नगर परिषद के सिटी मैनेजर शकील अनवर मेंहदी भी मौजूद रहे।
क्षेत्र में जलापूर्ति की समस्या सामने आने पर विधायक ने मौके से ही पीएचईडी अधिकारियों से फोन पर बातचीत की। उन्होंने फॉरेस्ट पानी टंकी से जुड़ी क्षतिग्रस्त पाइपलाइन और पानी लीकेज को तत्काल ठीक करने तथा नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य राजीव महतो, कपाली नगर परिषद अध्यक्ष परवेज आलम समेत कई नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।


