सचिन के सरेंडर के बाद माओवादी दस्ते की जानकारी उजागर, असीम मंडल के आत्मसमर्पण से किया इनकार

जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने वाले पटमदा के झुझका निवासी राम प्रसाद माडीं उर्फ सचिन ने माओवादी दस्ते से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सचिन ने बताया कि माओवादी दस्ते के सीसीएम (केंद्रीय समिति सदस्य) और एक करोड़ रुपये के इनामी असीम मंडल उर्फ आकाश के पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने की संभावना नहीं है। सचिन के अनुसार, असीम मंडल माओवादी विचारधारा से पूरी तरह प्रेरित है और बुजुर्ग होने के बावजूद हथियार लेकर चलता है, हालांकि बढ़ती उम्र के कारण अब वह अस्वस्थ रहने लगा है। सचिन ने 10 लाख रुपये की इनामी पत्नी मीता उर्फ नयनतारा और मदन महतो की पत्नी बुलू महतो के साथ पश्चिम बंगाल पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था।


सारंडा में पुलिस ऑपरेशन के बाद सचिन समेत असीम मंडल, मदन महतो, उसकी पत्नी बेला मुर्मू, मीता उर्फ नयनतारा, मंगल सिंह सरदार, उसकी पत्नी मिताली मुर्मू और दो अन्य सदस्य काफी दिनों तक कुचाई के जंगल में छिपे रहे। पुलिस का दबाव बढ़ने के बाद सभी अलग-अलग दस्तों में चले गए। इसी दौरान मदन महतो और उसके दो साथियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके बाद वे छोटा बांकी, बड़ाबांकी और गालूडीह क्षेत्र के जंगलों में भटकते रहे। बाद में आत्मसमर्पण का फैसला लिया गया और बाकुड़ा में रंजीत पाल उर्फ राहुल के माध्यम से पश्चिम बंगाल पुलिस से संपर्क किया गया।
आत्मसमर्पण के बाद पश्चिम बंगाल की बाकुड़ा पुलिस सचिन को साथ लेकर दलमा क्षेत्र के बुरुहातु, जोरोडिल और कांदरबेड़ा में हथियारों तथा दस्ते के बचे सदस्यों की तलाश कर रही है। इनमें एक करोड़ के इनामी असीम मंडल उर्फ आकाश, मंगल सिंह सरदार और उसकी पत्नी मालती मुर्मू शामिल हैं। वहीं, झारखंड पुलिस भी इनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। जमशेदपुर पुलिस ने सीआरपीएफ जवानों के साथ शनिवार रात पटमदा, बोड़ाम और गालूडीह थाना क्षेत्रों के कोंकादासा, बाटालूका, छोटा बांकी, बड़ा बांकी, कुयानी जंगल, कोयरा जंगल और गालूडीह क्षेत्र में सघन छापेमारी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पश्चिम बंगाल की बाकुड़ा जिला पुलिस ने शुक्रवार को कुचाई क्षेत्र में सचिन की निशानदेही पर दो इंसास, 120 गोली, आठ मैगजीन, एक केन बम और पिट्टू बैग जब्त किया। शनिवार को भी सचिन को साथ लेकर दलमा क्षेत्र में छापेमारी की गई।


