सोन नदी हादसे में बड़ा झटका, 14 वर्षीय जूली का शव मिला; खुशबू की तलाश जारी



गढ़वा : केतार थाना क्षेत्र के पाचाडुमर गांव के पास सोन नदी में सोमवार सुबह डूबी दो छात्राओं में से 14 वर्षीय जूली कुमारी का शव मंगलवार को बरामद कर लिया गया। शव मिलने की खबर के बाद घटनास्थल पर मौजूद जूली के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं 14 वर्षीय खुशबू कुमारी की तलाश अब भी जारी है।


सोमवार को स्नान के दौरान तीन छात्राएं मोबाइल से सेल्फी लेते समय गहरे पानी में चली गई थीं। स्थानीय लोगों ने प्रिया कुमारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि जूली कुमारी और खुशबू कुमारी तेज धारा में बहकर लापता हो गई थीं। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। मंगलवार को खोज अभियान के दौरान जूली का शव नदी से मिला। जूली छाताकुंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में कक्षा दसवीं की छात्रा थी और उसके पिता अरुण प्रसाद उर्फ बबलू हैं। खुशबू कक्षा नौवीं में पढ़ती है और उसके पिता गिरवर ठाकुर हैं।
प्रशासन की निगरानी में खुशबू की तलाश लगातार जारी है। नदी का तेज बहाव और अधिक गहराई खोज अभियान में परेशानी पैदा कर रही है। स्थानीय गोताखोर नदी के आसपास के हिस्सों में भी तलाश कर रहे हैं। मौके पर थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी समेत प्रशासन के कई लोग मौजूद हैं।


