विक्रम शर्मा हत्याकांड में बड़ा खुलासा: 1 लाख का इनामी यशराज सहारनपुर से गिरफ्तार, गैंगस्टर अखिलेश सिंह से मुलाकात का भी खुलासा

0
Advertisements

देहरादून: देहरादून के चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड (सिल्वर सिटी जिम कांड) में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे 1 लाख रुपये के इनामी आरोपी यशराज सिंह को देहरादून पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी को मामले की अब तक की सबसे अहम कड़ी माना जा रहा है।
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। जांच के मुताबिक, यशराज ही इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विक्रम शर्मा की हत्या की पूरी योजना बनाई और वारदात को अंजाम तक पहुंचाने में केंद्रीय भूमिका निभाई।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने दिसंबर 2025 में नोएडा और दिल्ली में भी विक्रम शर्मा की हत्या की कोशिश की थी, लेकिन भीड़भाड़ के कारण वे असफल रहे। इसके बाद देहरादून में जिम के बाहर रेकी कर हत्या की योजना को अंतिम रूप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, यशराज ने ही शूटरों को रांची से दिल्ली भेजने के लिए Paytm के जरिए फ्लाइट टिकट और अन्य खर्चों की व्यवस्था की थी। वारदात में इस्तेमाल स्कूटी, होटल बुकिंग और अन्य जरूरी खर्चों का भुगतान भी UPI के माध्यम से किया गया, जिससे पूरे नेटवर्क का डिजिटल ट्रेल मिलने की संभावना बढ़ गई है।
हत्या के बाद यशराज लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और कुछ समय तक खड़गपुर में अपनी बुआ के घर छिपा हुआ था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले वह दुमका जेल भी गया था, जहां उसने जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर अखिलेश सिंह से मुलाकात की थी। इस मुलाकात को लेकर पुलिस अब संभावित आपराधिक नेटवर्क और साजिश के व्यापक एंगल से जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि अखिलेश सिंह से मुलाकात के बाद यशराज ने किसी माध्यम से देहरादून STF को खुद ही सूचना दी और फिर सहारनपुर में पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यशराज की गिरफ्तारी के बाद इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है। STF और स्थानीय पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और संभावित साजिशकर्ताओं की तलाश में जुट गई है।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements
https://bashisthaonline.in

About The Author

Thanks for your Feedback!

You may have missed