भारत-कनाडा की बड़ी साझेदारी, क्रिटिकल मिनरल्स और उन्नत मटेरियल पर बढ़ेगा संयुक्त रिसर्च



जमशेदपुर : कनाडा के उच्चायोग के वाणिज्य मंत्री एड जेगर ने बुधवार को सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल) का दौरा किया। इस उच्चस्तरीय यात्रा का उद्देश्य भारत और कनाडा के शैक्षणिक संस्थानों, अनुसंधान संगठनों और उद्योगों के बीच रिसर्च एंड डेवलपमेंट सहयोग को मजबूत करना था। उन्होंने एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी के साथ द्विपक्षीय साझेदारी के नए अवसरों पर चर्चा की। बैठक में क्रिटिकल मिनरल्स के निष्कर्षण, पुनर्प्राप्ति और पुनर्चक्रण के साथ उन्नत सामग्रियों और धातुकर्म के क्षेत्र में संयुक्त अनुसंधान व तकनीकी आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया गया।


दौरे के दौरान एड जेगर ने महत्वपूर्ण धातुओं से जुड़ी अत्याधुनिक तकनीकों की प्रदर्शनी देखी और युवा वैज्ञानिकों व शोधकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने सतत संसाधन प्रबंधन और उन्नत सामग्रियों की वैश्विक जरूरत को महत्वपूर्ण बताया। भारत-कनाडा के बीच यह सहयोग भविष्य में संयुक्त शोध परियोजनाओं, औद्योगिक सहभागिता और तकनीकी साझेदारी को गति दे सकता है। इससे दोनों देशों को क्रिटिकल मिनरल्स से जुड़ी भावी औद्योगिक और तकनीकी चुनौतियों पर मिलकर काम करने का अवसर मिलेगा।


