गोविंद स्कूल फायरिंग में बड़ा खुलासा, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद



सरायकेला-खरसावां : कपाली ओपी क्षेत्र की तमोलिया कॉलोनी में गोविंद विद्यालय के पीछे हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मुख्य आरोपी मोहम्मद जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन अंसारी (41) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई एक देसी पिस्तौल, एक जिंदा गोली, एक खोखा और पहले से छिपाकर रखे गए दो पुराने कट्टे बरामद किए गए हैं।


पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को दोपहर करीब 3:30 बजे शेख नूर मोहम्मद (62) पर जानलेवा फायरिंग की गई थी। पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम (एसआईटी) बनाई गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य भौतिक प्रमाणों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


