नशे के कारोबार के खिलाफ महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला महिला कांग्रेस के नेतृत्व में नशे के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और युवाओं का भविष्य बचाने की मांग को लेकर एसएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और जमशेदपुर पुलिस से नशे के कारोबार को हर हाल में बंद कराने की अपील की।

प्रदर्शन में कांग्रेस के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी पीसीसी को-ऑर्डिनेटर पंडित विजय खां, कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह समेत अन्य नेता मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में कई ऐसे इलाकों का जिक्र किया, जहां नशे का कारोबार चलने की बात कही गई है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि नशे के कारोबार के कारण युवाओं और परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चिंता जताई कि इससे बच्चे और आने वाली पीढ़ियां प्रभावित हो रही हैं और इस पर तत्काल रोक लगाने की जरूरत है।


