जेटेट परीक्षा 1 नवंबर को 986 केंद्रों पर, शिक्षकों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करने का निर्देश

रांची : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 के आयोजन को लेकर झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्यभर में एक नवंबर को 986 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए ड्यूटी पर लगाए जाने वाले शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की 31 अक्टूबर और एक नवंबर की आकस्मिक छुट्टियां तथा लंबे अवकाश रद्द करने का निर्देश दिया गया है। इस संबंध में उपायुक्त के स्तर से कार्यालय आदेश जारी करने को कहा गया है। जैक के सचिव सच्चिदानंद दिव्येंदु तिग्गा ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) को आठ बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसके तहत सभी जिलों में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित कर परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।


जैक ने परीक्षा के दौरान वीक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा है। बड़ी संख्या में सरकारी शिक्षकों के भी जेटेट परीक्षा में शामिल होने की संभावना को देखते हुए सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों तथा प्रस्वीकृत शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को वीक्षण कार्य में लगाया जाएगा। संबंधित परीक्षा केंद्रों के सभी शिक्षक और कर्मचारी परीक्षा ड्यूटी करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर केंद्राधीक्षक के अनुरोध पर अतिरिक्त वीक्षकों की व्यवस्था की जाएगी। वीक्षकों की सूची प्राप्त होने के बाद अपर समाहर्ता और जिला शिक्षा पदाधिकारी के संयुक्त हस्ताक्षर से प्रतिनियुक्ति आदेश जारी किया जाएगा।
परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रत्येक जिले में साइबर सेल गठित करने तथा उसे सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर पेट्रोलिंग के साथ स्टैटिक दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। इस संबंध में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के संयुक्त हस्ताक्षर से आदेश जारी करने को कहा गया है। जैक ने सभी जिलों को परीक्षा से संबंधित तैयारियां समय पर पूरी करने और सुरक्षा तथा निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने का निर्देश दिया है।


