झारखंड के राजद नेता अपने प्रत्याशी को जिताने जुटे हैं कहलगांव में, कल तेजस्वी ने जनसभा कर रजनीश भारती के समर्थन में मांगी वोट


Saraikela: बिहार विधानसभा के चुनाव में कहलगांव से राजद के प्रत्याशी के समर्थन में झारखंड के राजद नेताओ का महाजुटान हुआ है. सभी नेता अपने प्रत्याशी को जिताने में जुटे हैं. कल पार्टी के मुख्यमंत्री प्रत्याशी तेजस्वी यादव ने कहलगांव में जनसभा कर महागठबंधन के प्रत्याशी रजनीश भारती के समर्थन में वोट मांगा है. बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत यहां होने वाले मतदान को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में शुक्रवार को कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के सन्हौला प्रखंड अंतर्गत सनोखर में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और राजद प्रत्याशी रजनीश भारती के पक्ष में मतदान की अपील की. उन्होंने कहा कि बिहार में जनता बदलाव चाहती है और यह बदलाव महागठबंधन के माध्यम से ही संभव है. सभा स्थल पर तेजस्वी यादव की एक झलक पाने के लिए लोगों में भारी उत्साह देखा गया. भीड़ “बदलाव की गारंटी- तेजस्वी यादव” के नारे लगाती रही. तेजस्वी यादव ने जनता से पूछा, “क्या रजनीश भारती को जीत का माला पहना दिया जाए ?” — जनता के जोरदार समर्थन पर उन्होंने मंच से स्वयं रजनीश भारती को माला पहनाकर अग्रिम शुभकामनाएं दीं. इस दौरान झारखंड सरकार के मंत्री एवं प्रत्याशी रजनीश भारती के पिता संजय प्रसाद यादव ने भी सभा को संबोधित किया और कहा कि कहलगांव की जनता इस बार इतिहास रचेगी. उन्होंने कहा कि जनता अगर अवसर देगी तो क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी. वहीं झारखंड से पहुंचे राजद के पूर्व प्रदेश महासचिव और सरायकेला खरसावां जिला के आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि महागठबंधन की जीत के बाद कहलगांव का विकास एनटीपीसी के CSR फंड के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि महागठबंधन के घोषणा पत्र में जो भी वादे किए गए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा.




