झारखंड में ड्रोन से होगी अवैध शराब कारोबार की निगरानी, सभी जिलों में लागू करने की तैयारी

झारखंड : राज्य में अवैध और नकली शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत जंगलों और दुर्गम पहाड़ी इलाकों में आसमान से निगरानी की जाएगी, ताकि अवैध शराब बनाने और कारोबार करने वालों की पहचान की जा सके। बुधवार को रामगढ़ के चुटूपालू में उत्पाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने ड्रोन का ट्रायल किया। इस दौरान विभाग के कमिश्नर संदीप सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

विभाग के अनुसार, झारखंड के कई क्षेत्रों में घने जंगल और पहाड़ होने के कारण अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर नजर रखना मुश्किल होता है। ड्रोन से मिलने वाली तस्वीरें और वीडियो कमांड सेंटर तक पहुंचाए जाएंगे। इनके आधार पर संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को कार्रवाई के लिए भेजा जा सकेगा, जो मौके पर पहुंचकर छापेमारी कर सकते हैं। विभाग की योजना राज्य के सभी जिलों में इस तकनीक का इस्तेमाल करने की है।
उत्पाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने कहा कि ड्रोन से निगरानी अवैध और नकली शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। विभाग के कमिश्नर संदीप सिंह ने बताया कि इस तकनीक के इस्तेमाल की तैयारी की जा रही है और फिलहाल इसका ट्रायल किया गया है। जल्द ही नई व्यवस्था लागू करने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा। विभाग को उम्मीद है कि इससे दुर्गम क्षेत्रों में निगरानी मजबूत होगी और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई में तेजी आएगी।


