बारिश से जलमग्न ब्राह्मण टोला की समस्या पर जनता दल यू सक्रिय, टाटा स्टील यूआईएसएल से की स्थायी समाधान की मांग



जमशेदपुर : लगातार हो रही बारिश के कारण भुइयांडीह स्थित ब्राह्मण टोला के दर्जनों घर जलमग्न हो गए हैं। घरों में पानी भरने से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, जबकि सड़कें तालाब में तब्दील हो चुकी हैं। जलजमाव के चलते बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के हर मौसम में यह क्षेत्र जलभराव की चपेट में आ जाता है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।


इस समस्या को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निर्देश पर जनता दल (यूनाइटेड) का एक प्रतिनिधिमंडल टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व जुस्को) के महाप्रबंधक आरके सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की गंभीर स्थिति से अवगत कराते हुए जल निकासी व्यवस्था में सुधार, नालों की सफाई और आवश्यक तकनीकी उपायों के माध्यम से स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
टाटा स्टील यूआईएसएल के महाप्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए तकनीकी टीम के साथ क्षेत्र का निरीक्षण कराने और समस्या के समाधान के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में जनता दल (यूनाइटेड) के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव और सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष अर्जुन यादव सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।


