JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के समर्थन में जयराम महतो का बड़ा ऐलान, विधानसभा परिसर में करेंगे निर्जला अनशन


रांची : JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 14 दिनों से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में 9 अगस्त को सुबह 6 बजे से पुराने विधानसभा परिसर में एक दिवसीय निर्जला अनशन करने की घोषणा की है।


जयराम महतो ने बताया कि अनशन को लेकर उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से अनुमति मांगी थी। नए विधानसभा भवन में इस तरह के कार्यक्रम की परंपरा नहीं होने के कारण उन्हें पुराने विधानसभा परिसर में अनशन की अनुमति दी गई। उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन को लेकर वे विधानसभा अध्यक्ष के अलावा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन से भी मिले तथा सरकार से छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कई छात्र लंबे समय से भूख हड़ताल पर हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जयराम महतो ने यह भी कहा कि 10, 11 और 12 अगस्त को होने वाले झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान वह JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने TDPL के माध्यम से आयोजित JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने, मामले में दोषियों की गिरफ्तारी और पूरे प्रकरण की CBI या ED से निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई।


