भारतीय पैरा तीरंदाजों ने जीते 13 पदक, शीतल देवी ने साधा स्वर्ण पर निशाना

सरायकेला : गुजरात के अहमदाबाद में 5 से 9 सितंबर तक आयोजित Hyundai World Archery Para Series 2026 में भारतीय पैरा तीरंदाजों ने कुल 13 पदक जीते। इनमें चार स्वर्ण, दो रजत और सात कांस्य पदक शामिल हैं। स्टार पैरा तीरंदाज शीतल देवी ने पैरा कंपाउंड महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने पूरी टीम को बधाई दी।

प्रतियोगिता में 20 देशों के 100 से अधिक पैरा तीरंदाजों ने हिस्सा लिया। 9 सितंबर को अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर इसका समापन हुआ, जिसमें अर्जुन मुंडा भी शामिल हुए। उन्होंने भारतीय दल की सफलता को खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत, लगातार अभ्यास, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताया और खिलाड़ियों के साथ कोच, प्रशिक्षकों, सपोर्ट स्टाफ, फिजियो और तकनीकी टीम को भी बधाई दी।


