छात्र की मौत पर ट्रिपल आईटी में अनिश्चितकालीन धरना, निदेशक और एकेडमिक डीन के इस्तीफे की मांग

रांची : भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) रांची के प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद विद्यार्थियों ने संस्थान प्रबंधन के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। भागलपुर निवासी आदित्य कुमार की मौत के मामले में हॉस्टल की आपातकालीन व्यवस्थाओं में कथित लापरवाही को लेकर छात्र-छात्राओं में नाराजगी है। रविवार को खेलगांव स्थित हॉस्टल परिसर में शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव कुमार श्रीवास्तव और एकेडमिक डीन के इस्तीफे की मांग की। रविवार देर रात तक विद्यार्थी अपनी मांगों को लेकर धरने पर डटे रहे।

जानकारी के अनुसार, घटना 10 अक्तूबर की रात करीब 11 बजे हुई। कमरे में अकेले पढ़ाई कर रहे आदित्य की हालत गंभीर मिलने पर सहपाठी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों का आरोप है कि आपात स्थिति में हॉस्टल की लिफ्ट खराब होने के कारण आदित्य को सीढ़ियों से नीचे उतारना पड़ा। इसके अलावा एंबुलेंस में ऑक्सीजन जैसी जरूरी चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध नहीं थी। छात्रों ने इन व्यवस्थाओं को लेकर संस्थान प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान सड़क पर धरना दे रहे विद्यार्थियों को पुलिस ने बलपूर्वक हटाकर हॉस्टल परिसर में भेज दिया। इसके बावजूद छात्रों ने अपना आंदोलन जारी रखा। देर रात तक प्रशासन की ओर से उन्हें समझाने का प्रयास किया गया। इस बीच संस्थान प्रबंधन ने निदेशक की ओर से इस्तीफे की पेशकश किए जाने की बात का खंडन करते हुए बताया कि गवर्निंग बॉडी मामले को देख रही है। वहीं, मृत छात्र के पिता विष्णुदेव कुमार, जो पूर्णिया के निवासी हैं, ने खेलगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर संस्थान प्रबंधन पर लापरवाही और उदासीनता का आरोप लगाया है।


