शिल्पा शेट्टी के बेंगलुरु पब पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का छापा


बेंगलुरु:इनकम टैक्स विभाग ने बुधवार को मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के स्वामित्व वाले बेंगलुरु स्थित ‘बैस्टियन’ पब पर छापा मारा. यह पब सेंट मार्क्स रोड पर स्थित है और शहर के सबसे महंगे पब्स में गिना जाता है. सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई टैक्स चोरी के आरोपों की जांच के तहत की गई है. जानकारी के अनुसार, इनकम टैक्स अधिकारियों ने सुबह से ही पब में निरीक्षण शुरू कर दिया.बेंगलुरु पुलिस ने शिल्पा शेट्टी के स्वामित्व वाले बास्टियन पब के खिलाफ तय समय से अधिक समय तक खुले रहने और देर रात तक पार्टियां आयोजित करने के आरोप में एफआईआर भी दर्ज की है. रिपोर्ट्स की मानें तो बास्टियन पब 11 दिसंबर को निर्धारित समय से अधिक यानी रात 1:30 बजे तक खुला रहा था. पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में रेस्टोरेंट के प्रबंधकों और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.अधिकारियों ने पब के कर्मचारियों से पूछताछ भी की है और जांच जारी है. फिलहाल विभाग ने इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.इन खबरों के बीच शिल्पा शेट्टी ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लिखा, ‘हम इन निराधार आरोपों का स्पष्ट रूप से खंडन करते हैं. इन मुद्दों को बिना किसी कानूनी आधार के आपराधिक रंग दिया जा रहा है. हाईकोर्ट में पहले ही एक याचिका दायर है और उस पर सुनवाई लंबित है. हमने जांच में पूरा सहयोग किया. हमें भरोसा है कि न्याय की जीत होगी. हम मीडिया से विनम्र निवेदन करते हैं कि वे संयम बरतें क्योंकि मामला अभी विचाराधीन है.’अगस्त महीने में ईओडब्ल्यू ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ धारा 403 (बेईमानी से संपत्ति का दुरुपयोग) और धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत मामला दर्ज किया था. एफआईआर के अनुसार, दोनों पर आरोप है कि उन्होंने मुंबई के कारोबारी दीपक कोठारी को ₹60.48 करोड़ की कथित धोखाधड़ी का शिकार बनाया. बॉम्बे हाईकोर्ट ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा को विदेश यात्रा से पहले ₹60 करोड़ जमा करने का आदेश दिया था. हालांकि, कपल ने इस एफआईआर को रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट का रुख किया है. अपनी याचिका में उन्होंने आरोपों को “बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण” बताया है.




