औद्योगिक क्षेत्र में अवैध तरीके से चल रहा था स्क्रेप का कारोबार, आदित्यपुर पुलिस ने की कार्रवाई, वाहन जब्त, आरोपी को भेजा जेल



Saraikela : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में अवैध तरीके से चल रहे स्क्रेप कारोबार पर आदित्यपुर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए कार्रवाई की है. इस कारोबार में लिप्त वाहन को जब्त करते हुए 2 आरोपियों को जेल भेजा है. थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि दोपहर में गश्ती के दौरान पुलिस पदाधिकारी को सूचना मिली कि आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया तथा उसके आसपास अवैध तरीके से बिना कागजात एवं फर्जी कागजात बनाकर स्क्रैप विभिन्न जगहों पर पहुंचाने का कारोबार चल रहा है. इस सूचना पर आदित्यपुर पुलिस के द्वारा मेकर्स कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी पर छापा मारा गया. जिसमें एक 407 वाहन जिसकी संख्या जेएच 05 ए एल 6047 तथा एक छोटा हाथी वाहन संख्या जेएच 05 एयू 4216 में लोड स्क्रैप को पकड़ा गया. पुलिस ने वाहन के ड्राइवर बबलू कुमार उम्र 28 वर्ष पिता ठाकुर मछुआ पता जेमको मछुआ बस्ती थाना टेल्को तथा संतोष सरदार उम्र 27 वर्ष पिता बनवाली सरदार पता आदित्यपुर 2 बनतानगर को वैध कागजात नहीं दिखाने पर गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ और चालक के बयान के अनुसार दोनों वाहन के मालिक एवं कंपनी मालिक के विरुद्ध प्राथमिक दर्ज किया गया इस कांड में गिरफ्तार दोनों जब्त वाहन के चालक बबलू कुमार एवं संतोष सरदार को आज दिनांक 2.8.26 को न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया है. साथ ही स्क्रैप के अवैध कारोबारी के विरुद्ध तथा कांड में संलिप्त अभियुक्त को विरूद सघन छापामारी की जा रही है.




