मकान ढहा तो दीवार से निकला चांदी का खजाना, 300 से ज्यादा पुराने सिक्के देख मचा हड़कंप



हजारीबाग : टाटीझरिया प्रखंड के अमनारी गांव में भारी बारिश के कारण करीब 200 साल पुराना मिट्टी का मकान ढह गया। मलबा हटाने के दौरान दीवार के भीतर छिपे मिट्टी के एक बर्तन के टूटने से 300 से अधिक पुराने चांदी के सिक्के बाहर निकल आए। मकान मालिक बैजू महतो के बेटे नंद किशोर प्रसाद ने बताया कि यह घर करीब 200 वर्षों से उनके परिवार के पास है और उनके पिता की उम्र लगभग 91 वर्ष है। उनके मुताबिक, पहले भी दीवार गिरने पर ऐसे चांदी के सिक्के मिले थे, लेकिन इस बार इनकी संख्या काफी अधिक है।परिवार का कहना है कि लंबे समय से ऐसी मान्यता चली आ रही है कि इन सिक्कों को घर ले जाने वाले व्यक्ति के साथ अनहोनी होती है। इसी वजह से खोज सामने आने के 24 घंटे से ज्यादा समय बाद भी किसी ने एक भी सिक्का नहीं छुआ है। सूचना मिलने के बाद स्थानीय अधिकारी गांव पहुंचे और परिवार ने प्रशासन को पूरी जानकारी दे दी है। फिलहाल सिक्कों को उसी स्थान पर रखा गया है और आगे के निर्देश का इंतजार किया जा रहा है। घटना की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचकर इस दुर्लभ खोज को देखने लगे।




