दुबई की शादी में आतिफ असलम संग थिरके हनी सिंह, पाकिस्तानी शो बैन की मांग के बीच वीडियो वायरल

मनोरंजन : भारतीय रैपर हनी सिंह और पाकिस्तानी गायक आतिफ असलम का दुबई की एक शादी में साथ डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दोनों कलाकार पाकिस्तानी गायक अबरार-उल-हक के गानों पर थिरकते नजर आए। यह शादी अबीधा चौधरी और बिलाल आसिफ की थी। समारोह के होस्ट सादिक सलीम ने दोनों कलाकारों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। उन्होंने बताया कि हनी सिंह पूरे जोश और गर्मजोशी के साथ समारोह में पहुंचे, जबकि आतिफ असलम अपने कॉन्सर्ट की रिहर्सल के बाद सीधे शादी में शामिल हुए।

यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब भारत में पाकिस्तानी नेटफ्लिक्स सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को रिलीज होने से रोकने की मांग उठ रही है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीरीज की भारत में स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने की मांग की है। इस सीरीज में फवाद खान और माहिरा खान समेत कई पाकिस्तानी कलाकार हैं और इसका प्रीमियर 4 दिसंबर को निर्धारित है। शादी के होस्ट सादिक सलीम ने भी अपनी पोस्ट में इस विवाद का जिक्र करते हुए लिखा कि एक तरफ पाकिस्तानी सीरीज को रोकने के लिए शिकायत की जा रही है, वहीं दुबई में संगीत, दोस्ती और खुशियों का जश्न मनाया जा रहा है।


