सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर हिंदू जागरण मंच ने उठाई मांग, डीसी को सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर : शहर में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर बुधवार को हिंदू जागरण मंच का प्रतिनिधिमंडल डीसी राजीव रंजन से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अध्यक्ष बलबीर मंडल ने किया। मंच ने शहर की विभिन्न समस्याओं से डीसी को अवगत कराते हुए जल्द समाधान की मांग की और ज्ञापन सौंपा।


बलबीर मंडल ने कहा कि शहर के कई इलाकों में असामाजिक गतिविधियों से आम लोगों को परेशानी हो रही है और महिलाओं, बच्चों तथा बुजुर्गों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। मंच ने स्कूलों की छुट्टी के समय बाहरी युवकों के जमावड़े, मुख्य मार्गों पर अवैध पार्किंग, सार्वजनिक मैदानों में नशेड़ियों के जमावड़े और घरों में चोरी की घटनाओं पर विशेष ध्यान देने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, स्कूलों के आसपास छुट्टी के समय विशेष निगरानी, सार्वजनिक स्थानों पर नशे के खिलाफ कार्रवाई तथा चोरी रोकने के लिए रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल में अनिल सिंह, राकेश सिंह, राजेश सिंह, त्रिदेव चट्टराज, अमरेंद्र पासवान आदि मौजूद थे।


