आरसीसी पुलिया के इंतजार में हेसाहातु का सोसोकुटी टोला, अधूरी सड़क से ग्रामीण परेशान

खूंटी : आजादी के 79 साल और झारखंड राज्य गठन के 25 साल बाद भी अड़की प्रखंड के सोसोकुटी पंचायत अंतर्गत हेसाहातु गांव के सोसोकुटी टोला में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। गांव तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क और आरसीसी पुलिया नहीं होने से ग्रामीणों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार, सिंदरी से गांव की दूरी महज 500 मीटर है, जिसमें करीब 400 मीटर तक पक्की सड़क बनी है। लेकिन बीच में पुलिया नहीं होने के कारण आवागमन बाधित रहता है। बरसात में रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, बीमार लोगों और गर्भवती महिलाओं को विशेष परेशानी होती है। चारपहिया वाहन भी गांव तक नहीं पहुंच पाते हैं।


ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने स्थानीय विधायक से आरसीसी पुलिया निर्माण की मांग की थी, लेकिन इसके बजाय 500 फीट पीसीसी सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की ढलाई महज डेढ़ से दो इंच मोटी की गई है। इसके बाद जून 2025 में खूंटी के सांसद को भी पुलिया निर्माण के लिए आवेदन दिया गया, लेकिन पुलिया के स्थान पर गार्डवाल निर्माण की स्वीकृति मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि गार्डवाल का काम भी अधूरा छोड़ दिया गया और करीब पांच महीने पहले बंद हुए निर्माण कार्य को पूरा दिखा दिया गया। निर्माण में लगे स्थानीय मजदूरों को भी पूरी मजदूरी नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि गांव पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनते हैं, लेकिन बाद में कोई सुध लेने नहीं आता। उन्होंने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गांव तक आवागमन सुगम बनाने के लिए आरसीसी पुलिया और गुणवत्तापूर्ण सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की है।


