अफीम की अवैध खेती रोकने के लिए पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, छह पंचायतों में की बैठक

तमाड़ : थाना क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। इसके तहत आरहंगा, जारगो, मल्हान भुइयांडीह, मारधान, परासी और कुंदला पंचायतों में ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठकों में पुलिस ने लोगों को अफीम की खेती के दुष्परिणामों की जानकारी दी और इसके कानूनी पहलुओं से अवगत कराया।


पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि अफीम की अवैध खेती करना कानूनन अपराध है और ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। इससे परिवार और समाज का भविष्य भी प्रभावित होता है। पुलिस ने लोगों से किसी भी परिस्थिति में अफीम की खेती नहीं करने की अपील की। साथ ही अवैध खेती छोड़कर वैध और लाभकारी कृषि गतिविधियां अपनाने के लिए प्रेरित किया।


