कदमा के घनी आबादी के बीच कचरे का अंबार,


जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर इन दिनों बदहाल होती जा रही है. घनी आबादी के बीच कचरा न सिर्फ लोगों के लिए परेशानी का सबब बना है, बल्कि मौजूदा विधायक की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. कचरा जहां-तहां खाली जमीनों, सड़क किनारे, मोहल्लों के बीच और सार्वजनिक स्थलों पर फैला हुआ है. इसका सबसे भयावह कदमा में देखने को मिल रहा है, जहां आबादी के ठीक बीचों-बीच कचरे का विशाल अंबार लगा हुआ है. संकरी गलियों और घरों के बीच जमा कचरे से इलाके में दुर्गंध फैल रही है.स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह-शाम सांस लेना मुश्किल हो गया है. कचरे से उठती बदबू और उसमें पनपते मच्छर, मक्खियां व आवारा जानवर लोगों के लिए बड़ी समस्या बन चुके हैं. बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के स्वास्थ्य पर इसका सीधा असर पड़ रहा है.विशेषज्ञों का मानना है कि घनी आबादी के बीच कचरा न सिर्फ अस्वास्थ्यकर है, बल्कि यह पर्यावरण और जल स्रोतों के लिए भी खतरा है. कचरे से निकलने वाला जहरीला पानी जमीन में रिसकर भू-जल को प्रदूषित कर सकता है. साथ ही खुले में पड़े कचरे से आग लगने और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है. कांग्रेस कार्यकर्ता मनोज झा ने स्थानीय विधायक को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है के वे जल्द से जल्द कार्रवाई कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करें, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और क्षेत्र को स्वच्छ व सुरक्षित बनाया जा सके.उन्होंने कहा कि यहां के ठेकेदार जदयू नेता हैं और उनपर विधायक सरयू राय की विशेष कृपा हैं, कम मैनपॉवर के साथ काम कराया जाता हैं जिससे भ्रष्टाचार की बू आती हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सफाई व्यवस्था सही नहीं की गई तो जनता के साथ मिलकर आंदोलन किया जायेगा.




