हरियाणा में कोहरे का कहर, आपस में टकरा गईं बसें और कारें


हिसार:बढ़ती ठंड के बीच कोहरे का कहर सड़कों पर दिखाई देने लगा है. हरियाणा में कोहरे के कारण रविवार को 2 भयंकर एक्सीडेंट हुए, जिसमें कई गाडि़यां आपस में टकरा गईं. रविवार तड़के हरियाणा में दो अलग-अलग एक्सीडेंट की घटनाएं हुईं, जिसमें बस, ट्रक और कारों समेत कई व्हीकल आपस में कोहरे की वजह से आपस में टकरा गए. इसके बाद सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम हो गया. पहली एक्सीडेंट की घटना हिसार में नेशनल हाईवे नंबर 52 पर धिकटाना मोड़ के पास हुई. इस दौरान हरियाणा रोडवेज की 2 बजें अन्य वाहनों से टकरा गईं. वहीं, दूसरी घटना में कैथल रोडवेज की एक बस डंपर से टकराने के बाद कई अन्य वाहनों से भी टकरा गई. इसके बाद पीछे से आ रही एक अन्य बस भी इनसे टकरा गई. फिर एक कार और एक मोटरसाइकिल भी धुंध के कारण इस एक्सीडेंट की चपेट में आ गए.सोनीपत के केएमपी एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के चलते बड़ा सड़क हादसा हुआ, जहां करीब एक दर्जन से अधिक वाहन आपस में टकरा गए. इस हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए. घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सोनीपत में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद एक महिला और दो अन्य घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है, जिनमें से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है. घायलों का कहना है कि कोहरे के कारण हाईवे पर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था.हिसार में सुबह से ही गहरी धुंध छाई रही और विजिबिलिटी घटकर 10 मीटर तक पहुंच गई. नेशनल हाईवे-52 पर धिकताना मोड़ के पास हरियाणा रोडवेज की दो बसें, एक डंपर, एक कार और एक बाइक आपस में टकरा गए. हादसे में बाइक सवार युवक घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हालांकि इस चेन टक्कर में सवार 100 से ज्यादा यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई. धुंध के कारण हिसार-दिल्ली फ्लाइट भी रद्द करनी पड़ी.रेवाड़ी में नेशनल हाईवे-352 पर कम विजिबिलिटी के चलते 3 से 4 बसों की आपस में टक्कर हो गई. हादसे में कई यात्री घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया.मेवात जिले में दिसंबर की पहली घनी धुंध और कोहरे की चादर देखने को मिली. सुबह से ही विजिबिलिटी लगभग शून्य रही और पांच कदम की दूरी पर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था. मुख्य और ग्रामीण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए. प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है. हालांकि किसानों के लिए यह मौसम फायदेमंद बताया जा रहा है, क्योंकि इससे गेहूं की फसल को लाभ मिलेगा.मौसम विभाग ने पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, सोनीपत, रोहतक, अंबाला, भिवानी और झज्जर समेत 11 जिलों में गहरी धुंध का अलर्ट जारी किया है. विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ठंड और कोहरा और बढ़ सकता है. प्रशासन और पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे में वाहन धीमी गति से चलाएं, फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और अनावश्यक यात्रा से बचें.




