‘महालक्ष्मी दिवस’ पर ब्रह्मलोकधाम में भव्य अनुष्ठान, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया महाभोग


जमशेदपुर : आज गुरू मां पूर्णिमा देवी का आविर्भाव दिवस “महालक्ष्मी दिवस” के रूप में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई।

कार्यक्रम का आरंभ महास्नान और आश्रम की परिक्रमा से हुआ। इसके बाद चेन्नई से पधारे आचार्य श्री एच. सुब्रमण्यम और उनके साथ आए बारह पंडितों ने कलश स्थापना की। आश्रम परिसर में विशाल महालक्ष्मी यज्ञ का आयोजन किया गया।
यज्ञ के मुख्य यजमान ब्रह्मलोकधाम के पुरोहित श्री मोनू भट्टाचार्य थे। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक पांच प्रकार के फल, रेशमी वस्त्र, चंदन लकड़ी, शुद्ध घी, मिष्ठान और सिक्के हवन कुंड में आहुति स्वरूप अर्पित किए। यज्ञ को पूर्ण होने में लगभग छह घंटे का समय लगा।
अपराह्न में महाभोग का आयोजन किया गया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
संध्या के समय पुनः भगवती सेवा का आयोजन हुआ। भजन-कीर्तन और आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



