अमित सरदार हत्याकांड में चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार समेत कई सामान बरामद

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में अमित सरदार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 25 जुलाई 2026 को कृष्णापुर बोनडीह निवासी बेहुल्या देवी (54) ने आरआईटी थाने में लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके बेटे अमित सरदार की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव रेलवे लाइन पर फेंक दिया गया था। इसके बाद अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


जांच के दौरान पुलिस ने टिकू किस्कू उर्फ बाबू किस्कू (26), सोमा मुंडा उर्फ बुका मुंडा (38), स्वरूप सोरेन उर्फ कतुर (27) और मिलन सिंह (18) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो लोहे के हथौड़े, चार स्मार्ट मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और मृतक की शर्ट में लपेटा हुआ एक पत्थर बरामद कर जब्त किया है।
टिकू किस्कू और सोमा मुंडा वर्तमान में कृष्णापुर टोला राहेरगोड़ा इंडस्ट्रियल एरिया आदित्यपुर-2 में रहते हैं। स्वरूप सोरेन आदित्यपुर के सतवहनी धीराजगंज का रहने वाला है। मिलन सिंह मूल रूप से पूर्वी सिंहभूम के बोड़ाम थाना क्षेत्र के रापचा का निवासी है और वर्तमान में सतवहनी धीराजगंज में किराए के मकान में रह रहा था। चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।


