बाढ़ का पानी घरों में घुसा, रसोई डूबी तो छत पर पहुंचे लोग; पेयजल संकट बढ़ा

साहिबगंज : गंगा का जलस्तर बढ़ने से शहर के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गयी है। अलीनगर, हबीबपुर, भारतीय कॉलोनी, हरिपुर और रसुलपुर दहला समेत कई मोहल्लों में पानी घरों के अंदर पहुंच गया है। कई मकानों के ग्राउंड फ्लोर और रसोई जलमग्न हो गये हैं, जिससे खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। कुछ परिवार ऊपरी मंजिल और छतों पर रहने को मजबूर हैं, जबकि कई लोग घरों में ताला लगाकर रिश्तेदारों या सुरक्षित स्थानों पर चले गये हैं। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की परेशानी सबसे ज्यादा बढ़ गयी है। बाजार से जरूरी सामान लाने और बच्चों को स्कूल पहुंचाने में भी लोगों को दिक्कत हो रही है।


बाढ़ के बीच पेयजल की शुद्धता को लेकर भी चिंता बढ़ गयी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ घरों के नलों में बाढ़ का पानी आने की शिकायत है। दूषित पानी से डायरिया और चर्म रोग जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ रहा है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर परिवार चिंतित हैं। प्रभावित लोगों ने प्रशासन से स्वच्छ पेयजल, दवाएं और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि गंगा का पानी लगातार फैल रहा है, इसलिए प्रभावित मोहल्लों में तत्काल राहत और स्वास्थ्य सुविधाएं जरूरी हैं। फिलहाल कई परिवार सुरक्षित स्थानों पर जा चुके हैं, जबकि कुछ लोग अब भी अपने घरों की ऊपरी मंजिल या छत पर रह रहे हैं।


