सीएचसी चौपारण के मुख्य गेट से हटेगा अतिक्रमण, प्रभारी ने सीओ को लिखा पत्र

चौपारण : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौपारण के मुख्य द्वार के आसपास अतिक्रमण और गंदगी की समस्या को देखते हुए चिकित्सा प्रभारी डॉ. रजनीकांत कुमार ने अंचल अधिकारी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल के मुख्य गेट के पास ठेले और दुकानें लगने से आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, आसपास कचरा जमा रहने से मरीजों और उनके परिजनों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। प्रभारी के अनुसार, मुख्य द्वार के बगल में संचालित दाल-भात केंद्र के आसपास गंदगी रहने से संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है।


डॉ. रजनीकांत कुमार ने बताया कि संबंधित दुकानदारों और ठेला संचालकों को अतिक्रमण हटाने तथा आसपास की जगह साफ रखने के लिए मौखिक रूप से 15 दिनों का समय दिया गया है। उन्होंने अंचल अधिकारी से अस्पताल परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। इस मामले पर बातचीत के दौरान विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हुई। खबर के अनुसार, चिकित्सा प्रभारी के साथ कुछ एजेंटों के उलझने और एक महिला पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप भी सामने आया है।


