परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों को कैबिनेट की मंजूरी, झारखंड में लोकसभा सीटें 14 से बढ़कर 21 होने की संभावना : आदित्य साहू

Advertisements

रांची : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने का स्वागत किया है। उन्होंने इस फैसले को ऐतिहासिक और दूरगामी असर वाला बताते हुए उम्मीद जताई कि आगामी संसद सत्र में दोनों विधेयक पारित हो जाएंगे। आदित्य साहू के अनुसार, प्रस्तावित व्यवस्था में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान है। इसके लागू होने पर झारखंड में लोकसभा की मौजूदा 14 सीटें बढ़कर 21 हो सकती हैं, जबकि विधानसभा की 81 सीटें बढ़कर लगभग 121 होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इससे एसटी, एससी समेत विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा और राज्य की आवाज संसद तथा विधानसभा में अधिक मजबूती से उठ सकेगी। उन्होंने कांग्रेस और झामुमो पर परिसीमन को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप भी लगाया।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन संशोधन विधेयक को मंजूरी दी गई। इससे पहले अप्रैल 2026 में संसद में पर्याप्त बहुमत नहीं मिलने के कारण संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं हो पाया था। उस समय केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन और संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने पर झारखंड में इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने एकजुट होकर विरोध किया था। झामुमो और कांग्रेस नेताओं ने आशंका जताई थी कि वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन होने से झारखंड में एसटी के लिए आरक्षित लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या कम हो सकती है। झामुमो सांसद महुआ माजी समेत अन्य नेताओं ने इसे आदिवासी-मूलवासी समुदाय के संवैधानिक अधिकारों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए चिंताजनक बताया था। दोनों दलों ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का समर्थन करते हुए इसे परिसीमन से जोड़ने पर आपत्ति जताई थी।

See also  हेमंत सोरेन पत्नी कल्पना के साथ सुनील चौधरी की बेटी की शादी में हुए शामिल

इंडिया गठबंधन के नेताओं ने यह भी आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार ने इस संवेदनशील विषय पर विपक्षी दलों के साथ पर्याप्त चर्चा नहीं की और विधेयक का स्पष्ट प्रारूप भी साझा नहीं किया। गठबंधन के रुख के अनुसार झारखंड के झामुमो, कांग्रेस और राजद सांसदों ने भी लोकसभा में मतदान के दौरान विधेयक के खिलाफ वोट किया था। दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं हो सका और केंद्र सरकार को परिसीमन विधेयक वापस लेना पड़ा था। अब केंद्रीय कैबिनेट से दोबारा मंजूरी मिलने के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। संसद में विधेयक फिर से पेश होने पर झारखंड के इंडिया गठबंधन के सांसद अपने-अपने दलों के शीर्ष नेतृत्व के रुख के अनुसार निर्णय ले सकते हैं।

About The Author

You may have missed