दिल्ली मेट्रो में अमेरिकी लड़की संग शर्मसार करने वाली घटना


दिल्ली: राजधानी दिल्ली से एक बार फिर शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। दोस्त की शादी में शामिल होने आई अमेरिकी लड़की ने एक 14 साल के किशोर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। यह घटना खचाखच भीड़ से भरी दिल्ली मेट्रो में हुई है। भारतीय दोस्त की खुशियों में शामिल होने आई इस अमेरिकी लड़की को यौन उत्पीड़न की घटना ने झकझोर कर रख दिया है। इस घटना में सबसे हैरान कर देने वाली बात यह है कि इस किशोर का बचाव उसकी बहन और मां ने किया।इस घटना ने सोशल मीडिया पर तीखी बहस छेड़ दी है. महिलाओं खासकर विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए हैं. घटना का खुलासा अमेरिकी मूल के भारतीय प्रोफेसर गौरव सबनीस ने एक्स पर किया. सबनीस न्यू जर्सी के स्टीवंस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में पढ़ाते हैं. उन्होंने लिखा बीते कि नवंबर में उनकी एक पूर्व छात्रा ने भारत यात्रा के लिए सलाह मांगी थी. वह एक दोस्त की शादी में शामिल होने दिल्ली जा रही थी. सबनीस ने उसे पहले ही चेतावनी दी थी कि दिल्ली में यौन उत्पीड़न का खतरा रहता है, खासकर गोरी महिलाओं के लिए.उन्होंने लिखा कि यहां आप सिर्फ एक ब्लॉन्ड (सुनहरे बालों वाली गोरी महिला) हैं, लेकिन वहां आप टारगेट बन जाएंगी. दुर्भाग्य से, उनकी चेतावनी सच साबित हुई. पीड़िता ने सबनीस को भेजे मैसेज में पूरी घटना बताई. महिला के अनुसार, मेट्रो स्टेशन पर एक 14-16 साल का किशोर अपनी मां और बहन के साथ था. उसने महिला से फोटो खिंचवाने की बात की. महिला ने सोचा कि परिवार के साथ है तो कोई खतरा नहीं, इसलिए उसने सहमति दे दी. लेकिन फोटो के दौरान लड़के ने पहले उसके कंधे पर हाथ रखा, फिर अचानक उसके निजी अंगों को दबा दिया और नितंब पर थप्पड़ मारा. इसके बाद वह हंसते हुए मजाक जैसा व्यवहार किया.महिला ने गुस्से में लड़के को कॉलर से पकड़कर धक्का दिया, जिससे वह गिर पड़ा. लेकिन इसके बाद लड़के की मां और बहन ने महिला पर ही भड़कना शुरू कर दिया. उन्होंने कहा कि वह ओवररिएक्ट कर रही है. मां ने दावा किया कि उनका बेटा कभी करीब से ब्लॉन्ड महिला नहीं देखा था, इसलिए बहक गया.




