हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का पुतला फूंका, छात्रों ने सरकार को 18 अगस्त तक दिया अल्टीमेटम






रांची : JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों का प्रदर्शन 22वें दिन और तेज हो गया। अल्बर्ट एक्का चौक पर छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव का सांकेतिक पुतला दहन कर विरोध जताया। इससे पहले आंदोलनकारी छात्र मौन मार्च और तिरंगा यात्रा समेत अलग-अलग तरीकों से अपनी नाराजगी जता चुके हैं। छात्रों की प्रमुख मांगों में JSSC CGL परीक्षा रद्द करना और पूरे मामले की CBI जांच शामिल है।


छात्रों ने सरकार को 18 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि इस समयसीमा के भीतर सरकार बातचीत कर ठोस समाधान निकाले। अगर मांगों पर सहमति नहीं बनी तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। हालांकि छात्रों ने यह भी कहा है कि बातचीत से समाधान निकलता है तो आंदोलन समाप्त करने पर विचार किया जा सकता है। दूसरी ओर सरकार का कहना है कि छात्रों की कई मांगें स्वीकार की जा चुकी हैं, लेकिन दोनों पक्षों के बीच मतभेद अभी बरकरार है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों की भीड़ बढ़ती दिखाई दी और आंदोलन को अन्य अभ्यर्थियों का भी समर्थन मिल रहा है। आंदोलनकारियों ने सरकार से पहले की मांगों पर हुई कार्रवाई सार्वजनिक करने के लिए श्वेत पत्र जारी करने की मांग भी उठाई है। इसके साथ JSSC CGL की करीब 2000 सीटों और JPSC की कुछ सीटों पर उम्र सीमा में राहत के साथ नई नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने का सुझाव भी सामने आया है। फिलहाल सभी की नजर 18 अगस्त की समयसीमा और 20 अगस्त के प्रस्तावित CM आवास घेराव पर टिकी है।


