डालसा जमशेदपुर ने ‘नालसा स्कीम 2025’ के तहत ड्रग फ्री इंडिया अभियान का शुभारंभ किया


जमशेदपुर: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर की ओर से मंगलवार को ‘नालसा स्कीम 2025’ के अंतर्गत ड्रग फ्री इंडिया अभियान की शुरुआत की गई। इस मौके पर डालसा सचिव कुमार शौरव त्रिपाठी ने कहा कि नशे से दूरी बनाकर ही एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

उन्होंने जानकारी दी कि 5 जनवरी से 12 जनवरी तक अभियान के तहत जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना है।
कार्यक्रम के दौरान डालसा सचिव ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में अधिकार मित्र (पीएलवी), विधिक सेवा से जुड़े कार्यकर्ता और समाजसेवी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने नशा उन्मूलन से जुड़े बैनर और पोस्टर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया, वहीं आम लोगों के बीच पंपलेट भी वितरित किए गए। पंपलेट पर “नशा से नाता तोड़ो, दिल से नाता जोड़ो” जैसे प्रेरक संदेश अंकित थे।
रैली के समापन के बाद न्याय सदन में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता डालसा सचिव कुमार शौरव त्रिपाठी ने की। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने नशा त्यागने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मध्यस्थ अधिवक्ता के. के. सिन्हा और तरित वरन कर सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।



