14 करोड़ 40 लाख 65 हजार 126 रुपये से बनेगा डिजिटल मेडिकल एजुकेशन प्लेटफॉर्म, एक सिस्टम से जुड़ेंगे संस्थान

धनबाद : झारखंड में मेडिकल शिक्षा को डिजिटल और एकीकृत करने के लिए स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने 14 करोड़ 40 लाख 65 हजार 126 रुपये की लागत से झारखंड डिजिटल मेडिकल एजुकेशन प्लेटफॉर्म (JDEMP) तैयार करने की स्वीकृति दी है। इसका लाभ धनबाद के एसएनएमएमसीएच समेत राज्य के मेडिकल, डेंटल, नर्सिंग, आयुष, पैरामेडिकल और अन्य स्वास्थ्य विज्ञान संस्थानों के विद्यार्थियों और शिक्षकों को मिलेगा। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की ओर से छह अक्तूबर को जारी स्वीकृति पत्र के अनुसार, प्लेटफॉर्म में रजिस्ट्रेशन, काउंसलिंग, नामांकन, पाठ्यक्रम, पढ़ाई, उपस्थिति, मूल्यांकन, परीक्षा, रिजल्ट, प्रमाणपत्र और इंटर्नशिप या क्लिनिकल ट्रेनिंग तक की प्रक्रिया को एकीकृत किया जायेगा।


JDEMP पर ई-लाइब्रेरी, डिजिटल स्टडी मैटेरियल, लाइव और रिकॉर्डेड क्लास तथा विशेषज्ञ शिक्षकों के डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने की योजना है। भविष्य में वर्चुअल स्किल और सिमुलेशन लैब जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा सकती हैं। परीक्षा और रिजल्ट की प्रक्रिया डिजिटल होने से केंद्रीकृत अकादमिक रिकॉर्ड तैयार होगा और इंटर्नशिप व क्लिनिकल ट्रेनिंग की निगरानी भी डिजिटल माध्यम से की जा सकेगी। इसके साथ फैकल्टी, विभाग, पाठ्यक्रम और अकादमिक कैलेंडर का केंद्रीकृत प्रबंधन होगा। रियल टाइम डैशबोर्ड और डेटा एनालिटिक्स के जरिये विभाग विभिन्न संस्थानों की पढ़ाई और अकादमिक प्रदर्शन की निगरानी कर सकेगा।
परियोजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जायेगा। पहले तीन माह में अध्ययन, जरूरतों का आकलन, डिजाइन और आर्किटेक्चर तैयार होगा। इसके बाद छह माह में कोर मॉड्यूल और अगले छह माह में अन्य मॉड्यूल विकसित किये जायेंगे। इसके बाद 24 माह में प्लेटफॉर्म का रोलआउट, संचालन और रखरखाव किया जायेगा। परियोजना की अनुमानित अवधि पांच वर्ष रखी गयी है। सर्विस प्रोवाइडर का चयन टेंडर या RFP प्रक्रिया के माध्यम से संबंधित सरकारी एजेंसी द्वारा किया जायेगा, जो झारखंड मेडिकल एंड हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एंड प्रोक्योरमेंट से जुड़ी है।


