दिशा सालियान केस में CBI जांच पर बोले देवेंद्र फडणवीस, मुंबई पुलिस की जांच में मिली थीं खामियां

मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच मुंबई पुलिस ने की थी और अपनी रिपोर्ट में साजिश की आशंका से इनकार किया था। हालांकि, मामला अदालत पहुंचने पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने पुलिस जांच में कई खामियां पाईं और सवाल उठाए। इसके बाद 2 सितंबर को अदालत ने जांच सीबीआई को सौंपने और एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया।

दिशा सालियान की 8 जून 2020 की रात मुंबई के मलाड स्थित एक ऊंची इमारत की 12वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। इसके छह दिन बाद 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा स्थित फ्लैट में मृत पाए गए थे। शुरुआत में मुंबई पुलिस ने दिशा की मौत को हादसा (ADR) माना था और बाद में इसे आत्महत्या करार दिया था। दोनों मौतों के बीच संबंध होने की चर्चाएं भी सामने आती रही हैं।
दिशा के पिता सतीश सालियान ने पुलिस की आत्महत्या वाली थ्योरी को खारिज करते हुए बेटी की मौत को हत्या बताया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि इसके पीछे कुछ प्रभावशाली लोगों का हाथ है और 2025 में न्याय की मांग को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अपनी याचिका में उन्होंने शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे समेत कुछ अन्य प्रभावशाली लोगों के खिलाफ जांच की मांग की थी। हालांकि, आदित्य ठाकरे ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए दिशा से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है।


