महिला रेलकर्मी से दिनदहाड़े चेन छिनतई, विहिप ने किया थाना पर प्रदर्शन



जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला रेलवे कर्मी के साथ चेन स्नेचिंग और मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना सोमवार दोपहर 2 बजे की है. जानकारी के अनुसार, ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही रेलवे कर्मी एम. भवानी से बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन छीनने की कोशिश की. विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, सड़क पर घसीटा और चापड़ दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी. इसके बाद दोनों मौके से भाग गए. महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया. पकड़े गए आरोपी की पहचान शिव कुमार मछुआ के रूप में हुई है, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है. फरार आरोपी की तलाश जारी है.

इस घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता के नेतृत्व में बागबेड़ा थाना पहुंचे और घटना के विरोध में प्रदर्शन करते हुए सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.


