खतरनाक पेड़ों से हादसे का खतरा बढ़ा, हटाने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन



जमशेदपुर : मानगो डिमना रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में जर्जर और खतरनाक स्थिति में खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ों को हटाने की मांग उठी है। झारखंड मानव अधिकार संघ (जेएचआरए) ने इस मामले को लेकर उपायुक्त और प्रमंडलीय वन पदाधिकारी (डीएफओ) को ज्ञापन सौंपा है।संघ के अध्यक्ष मनोज किशोर के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि ट्रांसपोर्ट नगर की चहारदीवारी के पास सिटी बॉयलर से खड़िया बस्ती जाने वाले रास्ते पर कई पेड़ कमजोर हो चुके हैं और कभी भी गिर सकते हैं। इनमें से एक पेड़ मुख्य सड़क और बिजली के तारों की ओर झुका हुआ है, जिससे बड़े हादसे की आशंका जताई गई है।इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग और स्कूली बच्चे गुजरते हैं। आसपास कई घर भी मौजूद हैं। संघ ने वन विभाग, मानगो नगर निगम और बिजली विभाग से संयुक्त निरीक्षण कर जर्जर पेड़ों और खतरनाक शाखाओं को जल्द हटाने की मांग की है। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।




