सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पर उमड़ी भीड़, श्रद्धांजलि देने पहुंचे मंत्री-विधायक; पुलिस अलर्ट

रांची : झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। समर्थकों और शुभचिंतकों के अलावा अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता, मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि भी पहुंच रहे हैं। रविवार को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी समेत कई नेताओं ने परिजनों से मुलाकात कर दुख जताया और अपनी संवेदना प्रकट की। सुबह से ही आवास के आसपास लोगों का जुटना शुरू हो गया था, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल बना रहा।

लगातार बढ़ती भीड़ और वीआईपी आवाजाही को देखते हुए जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। आवास के अंदर-बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और आने-जाने वालों पर निगरानी रखी जा रही है। भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था संभालने के लिए भी अतिरिक्त जवान लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री के आवास पहुंचने की संभावना को देखते हुए करीब आधा किलोमीटर पहले से सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है और प्रमुख सड़कों व संपर्क मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक स्थिति नियंत्रण में है और आम लोगों की सुविधा का ध्यान रखते हुए जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल लगाया जा रहा है। सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।


