मंत्री की सुरक्षा हटाने पर कांग्रेस में उबाल, डीजीपी को आंदोलन की चेतावनी

पलामू : झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव को लेकर कांग्रेस नेताओं में नाराजगी बढ़ गई है। मेदिनीनगर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा बहाल करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अगर जल्द व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राधाकृष्ण किशोर उग्रवाद प्रभावित छतरपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और उन्हें लगातार संवेदनशील इलाकों में जाना पड़ता है। नेताओं का आरोप है कि सुरक्षा हटाना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी पुलिस महानिदेशक की होगी।
बैठक में नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले में हस्तक्षेप कर पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।


