पोटका में ब्रेन मलेरिया का कहर, 64 नए मामले सामने आने से हड़कंप, केंद्रीय टीम पहुंची

जमशेदपुर : पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 26 प्रभावित गांवों में शिविर लगाकर 1,233 लोगों की जांच की गई, जिसमें 64 नए मलेरिया मरीज पाए गए। लगातार बढ़ते मामलों से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है और स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय रूप से हालात पर नजर रख रही है।


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और संक्रमण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन के साथ मिलकर कार्रवाई कर रही है। गांवों में जांच अभियान, दवा वितरण और जागरूकता कार्यक्रम तेज कर दिए गए हैं ताकि बीमारी के फैलाव को रोका जा सके। स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटा हुआ है।


