जेपीयू छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी, लाइब्रेरी में मिलेगी 1300 से ज्यादा रिसर्च जर्नल की सुविधा



सारण : जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के छात्रों, शोधार्थियों और शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। विश्वविद्यालय की केंद्रीय लाइब्रेरी में 1300 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रिसर्च जर्नल्स की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे उच्च शिक्षा और शोध कार्य से जुड़े विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री जुटाने में बड़ी मदद मिलेगी और रिसर्च की गुणवत्ता को भी मजबूती मिलेगी।विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार डिजिटल और शोध संसाधनों को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लाइब्रेरी के माध्यम से विभिन्न विषयों के शोध पत्र, अकादमिक सामग्री और संदर्भ पुस्तकों तक आसान पहुंच सुनिश्चित की जाएगी, जिससे छात्रों को नवीनतम शोध और शैक्षणिक जानकारी प्राप्त हो सकेगी।

जेपीयू का कहना है कि इस सुविधा का लाभ विशेष रूप से पीएचडी शोधार्थियों, स्नातकोत्तर छात्रों और शिक्षकों को मिलेगा। विश्वविद्यालय लगातार शोध और अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए संसाधनों का विस्तार कर रहा है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जा सके।


